जोगिंदर नगर, 30 जून:
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जोगिंदर नगर में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 02 जुलाई 2026 को वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड, बद्दी (हिमाचल प्रदेश) द्वारा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न तकनीकी पदों पर किया जाएगा।
संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी श्री लव जंवाल ने बताया कि कंपनी के प्रिंटिंग डिवीजन में मशीन संचालन एवं तकनीकी कार्यों के लिए ट्रेनी एवं हेल्पर पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया में 10वीं, 12वीं तथा आईटीआई (फिटर, इलेक्ट्रीशियन, सिलाई टेक्नोलॉजी, ड्रेस मेकिंग एवं प्लंबर ट्रेड) उत्तीर्ण युवक एवं युवतियां भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना तथा हिंदी पढ़ने एवं लिखने का ज्ञान होना आवश्यक है। उम्मीदवारों की आयु 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के प्रथम तीन माह तक ₹13,500 प्रतिमाह का मानदेय दिया जाएगा। इसके बाद हेल्पर पद पर कुल ₹20,238 प्रतिमाह (CTC) वेतन प्रदान किया जाएगा, जिसमें उपस्थिति प्रोत्साहन एवं अन्य भत्ते शामिल होंगे। रात्रि पाली में कार्य करने पर अतिरिक्त ₹20 प्रति रात्रि का शिफ्ट भत्ता एवं आकर्षक उपस्थिति बोनस भी मिलेगा।
कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों के लिए लड़के एवं लड़कियों हेतु अलग-अलग सुरक्षित हॉस्टल, रियायती दरों पर कैंटीन, मनोरंजन के लिए सामुदायिक केंद्र, आपातकालीन एम्बुलेंस सुविधा, एक वर्ष की सेवा के बाद ऋण सुविधा, भविष्य निधि (PF), ईएसआई (ESI), अर्जित एवं आकस्मिक अवकाश (E.L. एवं C.L.) तथा नियमानुसार वार्षिक दीपावली बोनस सहित अधिकतम ₹28,800 प्रति ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं/12वीं की अंकतालिका, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा चार पासपोर्ट आकार के फोटो एवं सभी मूल प्रमाण पत्र तथा उनकी छायाप्रति साथ लानी होगी।
संस्थान की प्रधानाचार्या श्रीमती रीता शर्मा ने क्षेत्र के पात्र एवं इच्छुक बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि एवं समय पर संस्थान पहुंचकर साक्षात्कार में भाग लें।
अधिक जानकारी के लिए कंपनी प्रतिनिधि अनुज त्रिवेदी से 8894701969 पर संपर्क किया जा सकता है।